थेनी। तमिलनाडु के थेनी जिले की उपजेल में सोमवार देर रात फिल्मी अंदाज़ में रची गई साजिश के तहत 17 कैदी जेलकर्मियों पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार भागे हुए कैदियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी 13 फरार बंदियों की धरपकड़ के लिए पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर बड़े पैमाने पर नाकाबंदी और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विजयेंद्र बिदरी के अनुसार, ये सभी 17 कैदी एक ही बैरक में बंद थे। योजनाबद्ध तरीके से रात के वक्त एक कैदी ने अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया। साथी बंदी की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जैसे ही सुरक्षाकर्मी बैरक का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, घात लगाए कैदियों ने उन पर धावा बोल दिया और सुरक्षा घेरा तोड़कर जेल परिसर से रफूचक्कर हो गए।
कैदियों के इस अचानक हमले में ग्रेड-2 वार्डर थंगापांडी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत जी. विलक्कू स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो अन्य जेलकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं जिनका प्राथमिक उपचार जारी है।
जेल ब्रेक की इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों और डिंडीगुल-थेनी राजमार्ग समेत जिलेभर में 16 जगहों पर विशेष चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। मदुरै, डिंडीगुल और पड़ोसी राज्य केरल के सीमावर्ती जिले इडुक्की की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। शेष फरार कैदियों की तस्वीरें सभी थाना प्रभारियों और गश्ती दलों को भेज दी गई हैं। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।
