पुलिस असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटे: गृहमंत्री बाबू लाल गौर

गृह मंत्री श्री गौर ने पुलिस अधिकारियों की बैठक में की कानून-व्यवस्था की समीक्षा

भोपाल : मंगलवार, दिसम्बर 24, 2013, 18:19 IST
 

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि प्रदेश में भयमुक्त समाज के लिये पुलिस अधिकारियों को असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटना चाहिये। उन्होंने कमजोर वर्ग और महिलाओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिये। श्री गौर आज पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक श्री नंदन दुबे भी मौजूद थे।

Random Image

गृह मंत्री श्री गौर ने कहा कि पुलिस थानों में आम आदमी से संवाद कायम करने की व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम जब सड़कों पर ज्यादा आवाजाही होती है, उस दौरान थानों का पुलिस बल विशेष रूप से सड़कों पर गश्त करे। श्री गौर ने कहा कि थानों में अच्छा माहौल निर्मित किया जाये। थाना परिसर से जब्त वाहनों को हटाकर शहर में चिन्हित स्थान पर रखा जाये। उन्होंने थाना परिसर में वृक्षारोपण किये जाने पर भी जोर दिया।

गृह मंत्री ने कहा कि गर्ल्स कॉलेज और स्कूल के पास महिला पुलिस की गश्त पर विशेष ध्यान दिया जाये। छेड़खानी की घटनाओं में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। गृह मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती आबादी के अनुपात में पुलिस बल में वृद्धि की जायेगी।