अम्बिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्थानीय बास्केटबॉल कोर्ट पर खेले गए इन रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल और दमखम से दर्शकों को बांधे रखा। इस लीग को सफल बनाने में खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालिका वर्ग में कुल तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सरगुजा होपर्स और सरगुजा फाइटर्स के बीच कड़ी टक्कर हुई, जिसमें बेहतरीन खेल दिखाते हुए सरगुजा फाइटर्स ने जीत दर्ज की। वहीं, दूसरे मैच में सरगुजा चैंपियंस ने सरगुजा स्टार को शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में सरगुजा बॉलर्स ने अपनी रणनीति के दम पर सरगुजा फ्लाइंग फाइटर्स को पराजित कर मैदान मार लिया। दूसरी ओर, बालक वर्ग में सरगुजा ब्लैक पैंथर और सरगुजा लायंस के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने आखिरी समय तक कड़ा संघर्ष किया।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस लीग प्रारूप (Format) के कारण खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने का मौका मिल रहा है। इससे न केवल उनके खेल कौशल और आत्मविश्वास में सुधार हो रहा है, बल्कि उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी निखर रही है। उन्होंने बच्चों के खेल विकास में अभिभावकों के निरंतर प्रोत्साहन को महत्वपूर्ण बताया। कोच सिंह ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सब-जूनियर वर्ग में बच्चों की प्रतिभा और रुचि को देखते हुए संघ ने अब जल्द ही जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसकी तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।

मैचों के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत तिवारी, अधिवक्ता मिथलेश सिंह, नगर निगम पार्षद शुभम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रजत सिंह, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा और रिमझिम मिश्रा सहित अन्य खेल पदाधिकारी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं।

