अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..युवा विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल प्रधान का छतीसगढ़ रणजी क्रिकेट टीम में बतौर बल्लेबाज के रूप में चयन हुआ है।राहुल ग्राम चलता निवासी किसान घनश्याम प्रधान के पुत्र है।क्रिकेट में इनकी रुचि बचपन मे अपने पिता को क्रिकेट खेलते हुए देखने के बाद हुई थी।जिसके बाद राहुल ने पिता के साथ घरेलू मैदान में क्रिकेट खेलना प्रारंभ किया और विद्यालय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा को निखारा।किसान परिवार से होने के कारण राहुल ने सीमित संसाधनों के बाद भी ग्राम चलता जैसे छोटे से गांव में क्रिकेट खेलना जारी रखा।
क्रिकेट के प्रति राहुल का जुनून देख तत्कालीन जनपद उपाध्यक्ष शैलेष सिंह ने राहुल को हरसंभव सहयोग प्रदान किया एवं समय समय पर जरूरत के संसाधन उपलब्ध कराते रहे।ताकि राहुल क्रिकेट की बारीकियों को सीख सके और अपनी खेल प्रतिभा को निखार सके।क्रिकेट के प्रति बेटे का लगन और जुनून देख पिता ने भी भरपूर सहयोग प्रदान किया और अभ्यास के दौरान उसकी कमियों को दूर करते हुए उसे अंदर से मजबूत बनाया।सुविधाओं की कमी के बावजूद राहुल का हौसला कभी कम नही हुआ और समय के साथ खेल में निखार आता चला गया।क्रिकेट के प्रति जुनून एवं शानदार खेल के बदौलत राहुल का चयन विद्यालय की क्रिकेट टीम की ओर से तीन बार स्टेट और दो बार नेशनल के लिए हुआ जिसमें उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
विद्यालयीन क्रिकेट टीम में शानदार प्रदर्शन के बाद राहुल का चयन एक साल के लिए छतीसगढ़ अंडर-14 क्रिकेट टीम एवं 2 साल के लिए छतीसगढ़ अंडर-23 क्रिकेट टीम के लिए हुआ।इस दौरान इन्होंने अपने चयनकर्ताओं के उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विरोधी टीमों के विरुद्ध उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया और अपनी अलग छाप छोड़ी।बाएं हाथ के बल्लेबाज विकेटकीपर राहुल द्वारा अब तक के सभी प्रारूपों में किये गए शानदार प्रदर्शन के बदौलत चयनकर्ताओं ने इस बार उसका चयन छतीसगढ़ रणजी क्रिकेट टीम के लिए किया है।राहुल का चयन रणजी क्रिकेट टीम में होने की खबर सुनते ही माता पिता,परिजन समेत गांव में खुशी का माहौल व्याप्त हो गया।
इसके साथ ही सीमित संसाधनों के बाद भी छोटे से गांव से निकलकर छतीसगढ़ रणजी क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने वाले राहुल ने अपनी इस उपलब्धि से ग्राम चलता समेत सीतापुर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है।राहुल की इस कामयाबी पर उसके चाहने वाले,परिजन,शुभचिंतक,गाँववालों समेत खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।राहुल ने अपनी इस सफलता का श्रेय हमेशा मनोबल बढ़ाने वाले पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शैलेष सिंह,प्रोत्साहित करने वाले पिता घनश्याम प्रधान एवं माता समेत निष्ठापूर्वक लगन के साथ कड़ी मेहनत एवं कोच को दी है।भविष्य में राहुल आराधन भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होकर देश के लिए खेलना चाहते हैं।
