अम्बिकापुर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्त युवा अभियान (मेरा स्वास्थ्य मेरा गौरव)’ के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के 315 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से जीवन में कभी नशा न करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य डॉ. आर. पी. सिंह द्वारा नवापारा सीएचसी से आए चिकित्सा दल के स्वागत के साथ हुई। प्रथम सत्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष तिवारी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में मौसमी बीमारियों से ग्रस्त पाए गए छात्र-छात्राओं को मौके पर ही नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
द्वितीय सत्र में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में डीईआईसी (DEIC) से कमल नारायण ने नशे के शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इससे बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए। वहीं जिला क्वालिटी कंट्रोलर नवीन सिंह ने युवावस्था को जीवन की आधारशिला बताते हुए छात्रों से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास में लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एनटीपीसी कंसलटेंट रानु गुप्ता, ड्रग इंस्पेक्टर अनिल पैकरा, फार्मासिस्ट आदर्श चक्रधारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रशासन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी दीपिका स्वर्णकार एवं राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
