जशपुर। जिले के तपकरा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद किया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 28 जून को हुई थी, जब पीड़िता अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए 10 जुलाई को तपकरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एसडीओपी कुनकुरी के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी के घर दबिश दी। वहां से नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी निरोज टोप्पो (25 वर्ष) को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी उसे प्रेम जाल और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ अनाचार किया। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 64(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 जोड़ते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान के नेतृत्व में तपकरा पुलिस टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
