रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरतराई साहू पारा में शनिवार की दरम्यानी रात रूह कंपा देने वाला तिहरा हत्याकांड सामने आया है। बालोद निवासी 34 वर्षीय भुनेश्वर साहू ने पारिवारिक कलह और चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू समेत दो मासूम बेटों आशीष (10) और ज्ञान (8) की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। तीनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। अपनों का खून बहाने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से जानलेवा वार कर आत्महत्या की कोशिश की।
रविवार तड़के जब पड़ोसियों को इस खौफनाक वारदात की भनक लगी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और कमरे में खून से लथपथ तड़प रहे आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) पहुंचाया, जहां वह कड़ी सुरक्षा के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत तफ्तीश शुरू कर दी है।
