– नैला दुर्गोत्सव की तैयारियां शुरू, देश-प्रदेश में चर्चित आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह
जांजगीर-नैला। नैला की ऐतिहासिक और भव्य दुर्गा पूजा इस वर्ष एक बार फिर आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। इस बार दुर्गा मां का दरबार अक्षरधाम मंदिर की भव्य थीम पर सजाया जाएगा। अग्रसेन भवन के सामने पंडाल निर्माण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और आयोजन समिति के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुट गए हैं।
नैला दुर्गोत्सव अपनी भव्य सजावट, आकर्षक पंडाल और धार्मिक आयोजन के लिए जिले के साथ-साथ प्रदेशभर में चर्चित रहा है। इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। पंडाल को अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को मंदिर की भव्य वास्तुकला और धार्मिक वातावरण का अनुभव कराने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन की सबसे बड़ी खासियत कलकत्ता से लाई जा रही लेजर लाइट और विशेष प्रकाश सज्जा होगी। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा पंडाल और आसपास का क्षेत्र जगमगाएगा। शाम होते ही रोशनी से सजा दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। पंडाल निर्माण की शुरुआत होते ही स्थानीय लोगों और दुर्गा भक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नैला पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। नैला की दुर्गा मां के भव्य दरबार का इंतजार अब भक्तों को बेसब्री से है। अक्षरधाम थीम और लेजर लाइट से सजा पंडाल इस बार दुर्गोत्सव की भव्यता में चार चांद लगाने को तैयार है।
