इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ जिला प्रशासन का हंटर पूरी ताकत से चल रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त तेवरों के बीच सोमवार को ग्राम सिरपुर में प्रशासन ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए करीब 40 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमण के चंगुल से आजाद करा लिया।
ग्राम सिरपुर के सर्वे नंबर 33 की 2.711 हेक्टेयर नजूल भूमि पर लंबे समय से कब्जा जमाने की कोशिशें की जा रही थीं, जहां भू-माफियाओं ने चालाकी से छोटे-छोटे प्लॉट काटकर और तार फेंसिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित करने की तैयारी कर ली थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर बनाई गई 5 कुर्सीनुमा संरचनाओं, एक टीन शेड और 24 प्लॉटों की तार फेंसिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने जिस सुनियोजित ढंग से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसने अतिक्रमणकारियों को संभलने का मौका भी नहीं दिया। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार इस मुक्त कराई गई भूमि की कीमत 40 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो इंदौर प्रशासन की अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
