मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने जन्मदिन के जश्न की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। नेशनल हाइवे-30 पर नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह युवक वाहन के भीतर ही फंस गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। शुरुआती जांच के मुताबिक, ये सभी युवक अमरपाटन जनपद उपाध्यक्ष मनोज पटेल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112, हाइवे पेट्रोलिंग और नादन देहात थाना पुलिस स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को वाहन से बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल ओम पटेल को अमरपाटन सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए सतना रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, जान गंवाने वाले युवक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी भाई पटेल और पूर्व कांग्रेस विधायक स्वर्गीय मथुरा पटेल के परिवार से जुड़े थे। मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40, व्यवसायी व किसान), मृदुल पटेल (32, वेयरहाउस संचालक), विजय पटेल (30, जबलपुर में कार्यरत), हरीशंकर पटेल (25, किसान) और शिवा पटेल (23, नौकरीपेशा) के रूप में हुई है। इनमें से चार युवक मैहर के तनाजा के और एक नरोरा गांव के निवासी थे।
घटना के चश्मदीद ट्रक चालक चितरंजन दास चंदेल ने बताया कि उनका ट्रक करीब 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था, तभी अचानक पीछे से आई तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के पीछे के दोनों टायर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि ट्रक पलटने से बच गया। नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह और रात्रि गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी केशरी प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही एनएच-30 की पेट्रोलिंग टीम की मदद से तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण कार की अत्यधिक रफ्तार और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी न बनाए रखना सामने आ रहा है। हादसे के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया।
