भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दिल्ली में व्यस्तताओं के चलते निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से, शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे भोपाल पहुंचे। उनके आगमन पर स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने उनकी अगवानी की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस आत्मीय स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए विश्वास जताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के इस प्रवास से मध्य प्रदेश के विकास को नई ऊर्जा और स्पष्ट मार्गदर्शन मिलेगा।
शनिवार को अमित शाह के दौरे का केंद्र बिंदु राजधानी में आयोजित भव्य ‘गोपालक सम्मेलन’ रहेगा, जिसमें सीहोर, बैतूल, राजगढ़, विदिशा और नर्मदापुरम सहित प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक पशुपालक एवं दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधि जुट रहे हैं। सम्मेलन के दौरान भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े किसानों को बोनस राशि, गौशालाओं को वित्तीय सहायता तथा ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना’ के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही, सहकारिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से आकार ले रहे आधुनिक डेयरी प्लांट और भोपाल में 16.80 करोड़ रुपये से तैयार फर्मेंटेड व फॉर्म्युलेटेड मिल्क प्रोडक्ट प्लांट की कार्ययोजना भी गृह मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
दौरे का दूसरा प्रमुख आकर्षण बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित पांच दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय प्रदर्शनी होगी, जिसका शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे। तीन से सात अक्टूबर तक चलने वाली इस अनूठी प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को देश में लागू नवीन न्याय संहिताओं और आधुनिक पुलिसिंग से परिचित कराना है।
इस प्रदर्शनी में डायल-112 या ई-एफआईआर से सूचना मिलने के बाद पुलिस रिस्पॉन्स, क्राइम सीन पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की त्वरित कार्रवाई तथा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की पूरी प्रक्रिया को 3D मॉडल और लाइव डेमो के जरिए जीवंत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त साइबर सुरक्षा के लिए ‘सेफ क्लिक’, महिला हेल्प डेस्क, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और नशा-मुक्ति अभियानों की उपलब्धियों को दर्शाने के साथ ही युवाओं के लिए नवीन न्याय संहिताओं पर केंद्रित लाइव डिजिटल क्विज का आयोजन भी किया गया है।
