उज्जैन। मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन में एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ दोस्ती और भरोसे की आड़ में एक 16 वर्षीय छात्रा को दरिंदगी का शिकार बनाया गया। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र की निवासी यह छात्रा 26 सितंबर को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की तत्काल शिकायत पर पुलिस ने शुरुआती तौर पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। अगले दिन जब बदहवास हालत में छात्रा घर लौटी, तो परिजनों द्वारा ढांढस बंधाने पर उसने अपने साथ हुई बर्बरता की दास्तां बयां की, जिसके बाद परिवार सीधे पुलिस की चौखट पर पहुँचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग से थी। 26 सितंबर को वह छात्रा को मिलने का झांसा देकर जीवाजीगंज क्षेत्र स्थित अपने एक साथी के कमरे पर ले गया। वहाँ पहले से मौजूद तीन अन्य नाबालिगों के साथ मिलकर आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
छात्रा के बयान और मेडिकल परीक्षण की पुष्टि के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को संरक्षण में ले लिया है, जबकि मामले में शामिल दो अन्य फरार नाबालिगों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
