Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना, जानिए आपके शहर में कब होगी वर्षा

नई दिल्ली। पिछले दो दिनों से दिल्ली और आसपास के इलाके में कहीं धूप तो कहीं छांव की स्थिति बनी हुई है। तापमान में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो 10 फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में 8 फरवरी से 10 फरवरी की सुबह तक बारिश होने की संभावना है जबकि पूर्वोत्तर भारत में 9 फरवरी से 10 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। अगले तीन-चार दिनों मौसम की कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक ठंड से भी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में आमूलचूल बदलाव आया है। इस कारण हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है और अगले दो दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होती रहेगी। हालांकि इसके बाद मौसम में सुधार का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं, 9 फरवरी को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश में गरज और बिजली गिरने के साथ व्यापक वर्षा और पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 8 और 9 फरवरी को हिमालयी इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। वैसे आज और कल भी उत्तराखंड में बर्फबारी की आशंका है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 9 फरवरी तक छिटपुट स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। सैलानियों के लिए अभी भी हिमालय की वादियों में बर्फबारी का मजा लेने का अच्छा मौका है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अभी कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और हिमालयी क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक सुबह और रात को घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में अगले चार दिनों तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक कोहरे की मार रहेगी जिससे ठंड बढ़ेगा।