आदिवासी युवक ने एक मंडप में 2 युवतियों संग रचाई शादी… 3 साल से रिलेशनशिप में थे…

फ़टाफ़ट डेस्क। तेलंगाना में एक आदिवासी युवक ने 2 युवतियों से एक ही समारोह में शादी रचाई। आदिलाबाद जिले के उटनूर मंडल में यह शादी हुई है। खास बात यह भी है कि यह विवाद तीनों ही परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनकी मौजूदगी में हुई है। बताया जा रहा है कि घनपुर गांव के रहने वाले अर्जुन ने टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम हाल ही में खत्म किया है और फिलहाल वो नौकरी की तलाश में है।

न्यूज एजेंसी ‘ANI’ के मुताबिक अर्जुन पिछले करीब 3 सालों से दोनों युवतियों के साथ रिलेशनशिप में था। दोनों ही लड़कियां अर्जुन की चाची की बेटियां हैं। इनमें से एक लड़की उषारानी और अर्जुन एक ही गांव के रहने वाले हैं जबकि सूर्यकला पास के गांव शुंभुगुडम की रहने वाली है। 

तीनों के परिवार वालों ने बातचीत में कहा कि अर्जुन ने बताया कि उसने करीब एक महीने पहले स्वीकार किया था कि वो उषारानी और सूर्यकला दोनों से ही प्यार करता है तथा दोनों से शादी रचाना चाहता है। परिवार वालों की रजामंदी हो जाने के बाद अर्जुन ने दोनों ही लड़कियों से एक ही दिन शादी रचा ली। 

उटनूर मंडल के मंडल प्रजा परिषद, पंडरा जयवंथराव ने कहा कि दोनों युवतियों की मर्जी से ही यह शादी हुई है। आदिवासी जन-जातियों में यह आम बात है। एक ही समय में दो शादियां रचाना आम बात है। बहरहाल घरवालों तथा दूल्हा, दुल्हन की मर्जी से हुई इस शादी की चर्चा इलाके में काफी हो रही है। शादी की जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें नजर आ रहा है कि इस शादी में कई लोग शरीक हैं।