चालान से बचने के लिए युवक ने पुलिसकर्मी पर चढ़ा दी बाइक… पुलिस जवान घायल

फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में चालान से बचने के लिए एक युवक ने पुलिसकर्मी पर बाइक चढ़ा दी। इससे पुलिस का जवान बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस कर्मी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी युवक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वाहन को तेज रफ्तार से चलाना यूं ही खतरे से खाली नही होता। मगर फतेहाबाद में तेज रफ्तार न केवल वाहन चालक के लिए भारी पड़ा बल्कि सड़क किनारे चालान कर रहे एक पुलिस कर्मी के लिए भी खतरनाक साबित हुआ। दरअसल बाइक चालक ने पुलिसकर्मी पर ही बाइक चढ़ा दी। हुआ यूं कि ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी सिरसा रोड पर यातायात के नियमों न मानने वालों के चालान काट रहे थे, इसी बीच सामने से एक बाइक आ रही थीं, जिसमें तीन सवारियां थीं।

लेकिन सामने ट्रैफिक पुलिस को देखकर, वह चालान से बचने के लिए भागने लगे। इस दौरान बाइक चलाने वाले युवक से बाइक अनियंत्रित हो गई और वहां खड़े एक पुलिस कर्मी से जा टकराई। हादसे में पुलिस कर्मी को गंभीर चोटें आई हैं, उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना के बाद बाइक सवार युवक घटनास्थल से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने बाद में पकड़ लिया। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी का नागरिक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।