नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR की मांग को लेकर राजधानी में जारी सियासी संग्राम आज भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आज लगातार दूसरे दिन जंतर-मंतर कूच के आह्वान ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी (AAP), आइसा (AISA) और एसएफआई (SFI) का खुला समर्थन मिल रहा है। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल के देश भर में ‘शहर-शहर जंतर-मंतर’ बनाने के आह्वान के बाद सड़कों पर टकराव के आसार और तेज हो गए हैं।
प्रदर्शनकारियों के नए सिरे से जमावड़े की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आज सुबह से ही जंतर-मंतर को छावनी में तब्दील कर रखा है। सुरक्षा के लिए 7 लेयर बैरिकेडिंग की गई है और स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्ते सील हैं। इलाके में धारा 163 लागू होने के साथ ही पुलिस लगातार लाउडस्पीकरों से चेतावनी जारी कर रही है। शहर के सभी बॉर्डरों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और दिल्ली में प्रवेश करने वाले हर वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है।
आंदोलन के मद्देनजर आज भी सेंट्रल और लुटियंस दिल्ली में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहने की आशंका है। दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, स्थिति को देखते हुए 30 अहम मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से डायवर्जन लागू किया गया है। विशेष रूप से कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, मंडी हाउस, आईटीओ (ITO) और धौला कुआं के आसपास लंबा जाम लग सकता है। पुलिस ने दैनिक यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों और मेट्रो सेवा का उपयोग करने की सलाह दी है।
