बर्ड फ़्लू को लेकर राज्य सरकार ने जारी किए निर्देश, पढ़िए पूरी खबर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एमएसपी के अन्तर्गत धान खरीद कार्य को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान क्रय केन्द्रों पर किसानों को सभी अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई समस्या न हो।

मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के सभी ग्रामों में वरासत अभियान प्रगति पर है। वरासत अभियान को तेजी से संचालित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनियों में दर्ज करने की कार्यवाही निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुनिश्चित की जाए।

बर्ड फ्लू की जांच आईवीआरआई, बरेली में की जाए

मुख्यमंत्री ने बर्ड फ्लू के सम्बन्ध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बर्ड फ्लू के दृष्टिगत प्रत्येक स्तर पर सावधानी बढ़ाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि बर्ड फ्लू की जांच बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में की जाए।