बलिया. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. मुकदमे में चार्जशीट लगाने के एवज में एक पीड़िता से आपत्तिजनक बातचीत करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. डीआईजी आजमगढ़ से शिकायत और ऑडियो वायरल होने के बाद, पुलिस अधीक्षक ने उभांव थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर (क्राइम) नरेश मलिक और वर्तमान थाना प्रभारी संजय शुक्ला को निलंबित कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
उभांव थाना क्षेत्र की एक महिला ने एक वन दरोगा के खिलाफ शादी का झांसा देकर आठ महीने तक शारीरिक शोषण करने का मुकदमा दर्ज कराया था. महिला का आरोप है कि इस केस में चार्जशीट दाखिल करने के बदले तत्कालीन निरीक्षक (अपराध) नरेश कुमार मलिक उसे जिला मुख्यालय बुलाने का अनुचित दबाव बना रहे थे. पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो में कथित तौर पर इंस्पेक्टर को महिला के साथ बेहद आपत्तिजनक बातें करते सुना जा सकता है.
कार्रवाई का चाबुक
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ओमवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है.
– नरेश मलिक: सोमवार को ही निलंबित कर दिए गए थे. बता दें कि इन्हें लापरवाही के चलते मार्च में ही लाइन हाजिर किया जा चुका था.
– संजय शुक्ला: संलिप्तता पाए जाने पर वर्तमान थाना प्रभारी संजय शुक्ला को भी बुधवार को सस्पेंड कर दिया गया.
– नई नियुक्ति: उभांव थाने की कमान अब निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक को सौंपी गई है.
अधिकारी का बयान
“मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) को सौंपी गई है. पीड़िता फिलहाल जिले से बाहर है, उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. बयान दर्ज होते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. विभाग में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी.” – ओमवीर सिंह, एसपी बलिया
