कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के बड़े राजपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत किबड़ा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां महज चार घंटे के अंतराल में दो सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के तीन बच्चों कलेश्वरी शोरी (17), चैतन शोरी (14) और कुमारी चिंता शोरी (12) को अचानक पेट दर्द और दस्त की गंभीर शिकायत हुई. परिजनों ने शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उपचार कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख उन्हें जिला अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया. इस बीच छोटी बहन चिंता की हालत में कुछ सुधार दिखने पर उसे घर पर ही रोक लिया गया, जबकि कलेश्वरी और चैतन को लेकर परिजन अस्पताल की ओर दौड़े.
बदकिस्मती से अस्पताल पहुँचने से पहले ही मौत ने दस्तक दे दी. रास्ते में ग्राम बड़बतर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के दौरान डॉक्टरों ने कलेश्वरी को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद उसका शव वापस घर भेज दिया गया. वहीं, गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाए गए चैतन ने भी इलाज के दौरान कुछ ही घंटों में दम तोड़ दिया. एक ही परिवार के दो जवान बच्चों की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच इस बीमारी को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं.
बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद नम आंखों से दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया. महज चंद घंटों के भीतर उजड़े इस परिवार और गांव के माहौल में फिलहाल गहरा सन्नाटा और दहशत पसरी हुई है.
