रविवार को कोरोना के रिकॉर्ड 28,701 नये केस मिले… 500 मरीज़ों की मौत.. देश में अब तक 8.78 लाख संक्रमित… इन राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर 08 लाख 78 हजार 254 हो गई है। 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 28 हजार 701 नए मरीज मिले हैं। अब तक एक दिन में संक्रमितों के मिलने का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। वहीं, एक दिन में 500 मरीजों की जान गई है। रविवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 7,827 पॉजिटिव केस बढ़े। यहां अब संक्रमितों की संख्या 02 लाख 54 हजार 427 हो गई है। तमिलनाडु में 4,244, कर्नाटक में 2,627, देश की राजधानी दिल्ली में 1,573, पश्चिम बंगाल में 1,560, उत्तर प्रदेश में 1,384 और तेलंगाना में 1,269 नए कोरोना मरीज़ मिले हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, देश मे अभी कोरोना के 03 लाख 01 हजार 609 एक्टिव केस हैं। कोरोना महामारी से अब तक 23 हजार 174 लोगों की जान जा चुकी है। राहत की बात ये है कि 05 लाख 53 हजार 470 लोग कोविड संक्रमण से रिकवर कर चुके हैं.

इन राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में 99 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।