शराब पीने से रोका तो पत्नी का मुंह जलते चूल्हे में डाला, शरीर पर उड़ेली गर्म दाल

यूपी : शराब पीने से रोकने पर एक पति अपना आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पत्नी के मुंह को जलते चूल्हे में घुसा दिया। आरोपी की हैवानियत यहीं तक सीमित नहीं रही। इसके बाद आरोपी ने पत्नी पर गर्म दाल उड़ेल दी। इससे महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला की शिकायत मिलने पर बीपीटीपी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Random Image

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला कल्पना खेड़ी कलां में अपने पति पिंटू के साथ ईंट भट्ठे पर काम करती है। महिला का पति अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता रहता था। छह अगस्त को महिला खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका पति शराब पी रहा था। 

जब पीड़ित महिला ने शराब पीने से रोका तो आरोपी आग बबूला हो गया। गुस्से में लाल-पीला होकर आरोपी ने अपनी पत्नी की गर्दन पकड़कर जलते चूल्हे में दे दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर गर्म दाल भी डाल दी। असहनीय दर्द से महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर महिला का ससुर और आस-पड़ोस के लोग वहां जमा हो गए। 

इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। महिला अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद से महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी। अब महिला बयान देने लायक हुई तो पुलिस ने बयान लेकर मामला दर्ज कर दिया।