सड़क हादसा : अनियंत्रित होकर पलटी बस… 30 लोग घायल.. 14 की हालत गंभीर

आगरा। ताजनगरी आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर फिर एक बड़ा हादसा हुआ है। इस सड़क दुर्घटना में कई सवारियां घायल हुई हैं। हादसा थाना खंदौली इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ। गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल जा रही बस बेकाबू होकर पलट गयी। इस हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 14 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, एक प्राइवेट बस गुरुग्राम से पश्चिमी बंगाल जा रही थी, तभी अचानक वह बेकाबू हो गई। अनियंत्रित होने के बाद बस एक्सप्रेसवे पर पलट गई। बस में 100 के आसपास सवारियां बैठीं हुई थीं। हादसे में करीब 30 सवारियां घायल हुई हैं। 14 सवारियों की चोट ज्यादा लगी है, लिहाजा उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस किस वजह से बेकाबू हुई, उसका पता लगाया जा रहा है।

14 घायल अस्पताल में एडमिट

सीओ (एत्मादपुर सर्किल) अर्चना सिंह ने बताया कि थाना खंदौली इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस के पलटने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद थाना खंदौली और थाना एत्मादपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए लोगों को बस से बाहर निकाला। हादसे में 14 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया हैं। उन्होंने बताया कि बस में 100 के करीब सवारी बैठी थीं। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई हैं। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था  से गंतव्य की तरफ भेजा जा रहा है।