COVID-19 : 24 घंटों में 9 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट.. जानिए कोरोना वैक्सीन से कितने करीब हैं हम

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 28 लाख के पार पहुंच गई है। वर्तमान में 6 लाख 85 हजार 231 एक्टिव केस हैं। यानि करीब 21 लाख लोग महामारी को मात दे चुके हैं। वहीं देश भर में कोरोना से अब तक करीब 54 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों में 9 लाख से अधिक COVID-19 के परीक्षण किए गए। इसी दौरान देश में 24 घंटे के दौरान 979 मरीजों की मौत हुई।

हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (MoHFW) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर पॉल ने देश में फिलहाल 3 कोरोना वैक्सीन पर हो रहे काम का अपडेट दिया था।

गौरतलब है कि उसमें से एक वैक्सीन के ट्रायल का तीसरा और आखिरी चरण कल बुधवार को शुरू हो गया। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया से अनुमति मिलने के बाद कंपनी 1600 वॉलंटियर्स पर इस वैक्सीन का ट्रायल कर रही है। इसके लिए देश के 17 स्थानों पर ट्रायल का इंतजाम किया गया है।

ट्रायल में शामिल होने वाले कुल 1,600 योग्य प्रतिभागियों में से 400 प्रतिभागी इम्युनोजेनेसिटी कॉहोर्ट का हिस्सा होंगे और उन पर 3:1 अनुपात में COVISHIELD या ऑक्सफोर्ड / AZ-ChAdOx1 nCoV-19 का ट्रायल हो रहा है।