हथियार निर्माण और सप्लाई गिरोह का अंतरराज्यीय कनेक्शन, 39 पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक बार फिर पंजाब पुलिस ने दबिश देकर अवैध रूप से हथियारों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हथियार निर्माण और मुहैया कराने वाले गिरोह के अंतरराज्यीय संबंध वाले दोनों बदमाशों के कब्जे से 39 पिस्टल बरामद किए गए है। पंजाब DGP का कहना है कि MP के निमाड़ में बड़े पैमाने पर यह गिरोह सक्रिय है।

कपूरथला पुलिस द्वारा MP के बड़वानी से इसके मुख्य आपूर्तिकर्ता की गिरफ्तारी के साथ एक अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के ठीक चार दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया। विशेष रूप से, यह पिछले 8 महीनों के भीतर पंजाब पुलिस द्वारा मध्य प्रदेश आधारित अवैध हथियार निर्माण और आपूर्ति मॉड्यूल का चौथा ऐसा भंडाफोड़ है। कपूरथला से पहले, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने हथियार तस्करों की गिरफ्तारी के साथ MP में एक अवैध लघु शस्त्र निर्माण इकाई सहित दो ऐसे मॉड्यूल का पता लगाया था, जो पंजाब में गैंगस्टर, अपराधियों और कट्टरपंथियों को हथियारों की आपूर्ति कर रहे थे।

DGP ने बताया कि पंजाब पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने पहले राज्य से MP निर्मित अवैध हथियारों का भारी जखीरा बरामद किया था। पंजाब पुलिस ने सितंबर 2020 से अब तक 122 एमपी निर्मित अवैध हथियार बरामद किए हैं। MP के खरगोन, बड़वानी और बुरहानपुर जिले के क्षेत्र में देश के गैंगस्टरों और अपराधियों के लिए हाई क्वालिटी के 30 बोर और 32 बोर की पिस्टल बनाए जा रहे है। इसकी आपूर्ति चिंताजनक है।

DGP गुप्ता का कहना है कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने 12 जून 2021 को तरनतारन निवासी हीरासिंह और हरमनदीप सिंह के कब्जे से तीन देशी पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने ये हथियार MP से खरीदे थे। इन सूचनाओं के बाद पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के लिए इंस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम MP भेजी गई थी, जहां सामने आया कि ये हथियार पंजाब में विभिन्न आपराधिक गिरोहों और अन्य राष्ट्र विरोधी तत्वों को सप्लाई हो रहे थे।