भारत ने तोड़ा सारी दुनिया का रिकॉर्ड.. एक दिन में अब तक कहीं नहीं मिले इतने नए केस

अम्बिकापुर। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर अब 33 लाख 87 हजार 501 हो गए हैं। लगातार दूसरे दिन 75 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस आए। गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के रिकॉर्ड 77,266  नए मामले मिले। 24 घंटे में 1,057 संक्रमितों की मौत भी हो गई। दुनियाभर के देशों की बात करें तो भारत में रोजाना सबसे ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं।

भारत में गुरुवार को दर्ज कोरोना वायरस के नए केस दुनियाभर में एक दिन में सामने आए मामलों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक किसी भी देश में 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के इतने केस दर्ज नहीं किए गए हैं। इससे पहले अमेरिका में अधिकतम 77255 केस रिकॉर्ड किए गए थे, जबकि भारत में आज 77,266 केस दर्ज हुए। वहीं, सबसे ज्यादा संक्रमितों के मामले में हम तीसरे नंबर पर हैं, जबकि कोरोना से सबसे ज्यादा मौत के मामले में हमारा चौथा स्थान है। भारत ऐसा दूसरा देश है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी कोरोना के 7 लाख 42 हजार 23 एक्टिव केस हैं. कोरोना से अब तक 61 हजार 529 लोगों की जान जा चुकी है. 24 घंटे में 9 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए. अब तक कुल 3.9 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है. देश में रिकवरी रेट अब 76.24% हो गया है.