कोरोना काल में किराया नहीं निकला तो होटल को बनाया देह व्यापार का अड्डा, 5 युवती समेत 7 गिरफ़्तार

आगरा। किराए पर बिल्डिग लेकर होटल खोल लिया। कोरोना काल में होटल का किराया भी नहीं निकल रहा था। ऐसे में संचालक ने होटल को देह व्यापार का अड्डा बना लिया। रविवार को सीओ सदर महेश कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारकर पांच युवतियों और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। संचालक फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

सीओ सदर महेश कुमार को बालूगंज में स्थित होटल आरबी रेजीडेंसी में देह व्यापार की सूचना मिली थी। रविवार दोपहर तीन बजे उन्होंने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिग थाना और रकाबगंज थाना के पुलिस फोर्स के साथ होटल में छापा मारा। पांच कमरों में गलत काम चल रहा था। पुलिस ने होटल की घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंदी से तीन युवक और होटल संचालक फरार हो गए। पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं और दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गईं महिलाएं विवाहित हैं। सभी अपने पतियों से अलग रहती हैं। घर खर्च चलाने को उन्होंने अनैतिक काम शुरू कर दिया। गिरफ्तार युवकों ने अपने नाम पचोखरा निवासी सुमित और धनौली निवासी मनोज बताए। ककुआ निवासी भूरी सिंह होटल संचालक है।

सीओ सदर महेश कुमार ने बताया कि होटल संचालक व पकड़े गए युवकों और युवतियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। होटल संचालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।