आज का मौसम : 6 राज्यों में कोहरे और शीत लहर के आसार, दक्षिण के कुछ राज्यों में हो सकती है बारिश

Weather Update : देश के अलग-अलग हिस्सो में ठंड का असर जारी है। कई राज्यों में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है साथ ही मौसम विभाग ने शीत लहर की आशंका भी जाहिर की है। भारत मौसम विभाग के अनुसा पश्चिमी यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान में आज कोहरे का असर रहेगा। साथ ही इन इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका भी है। साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कोहरे की आशंका जाहिर की गई है।

इसके साथ विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल तमिलनाडु, पुड्डुचेरी के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। विभाग के अनुसार अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश होने के आसार है।

वहीं उत्तर भारत बुधवार को बर्फीली हवाओं के आगोश में रहा। पंजाब के अमृतसर में मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जबकि उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में घना कोहरा छाया रहा, जहां कम दृश्यता के चलते एक बस और गैस टैंकर की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक बुलेटिन में कहा, ‘देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर में सबसे कम 2.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।’ अमृतसर में अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 13 डिग्री कम है। अमृतसर में मनाली, शिमला और श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि ‘घने कोहरे’ के चलते सुबह में पालम इलाके में दृश्यता गिरकर 100 मीटर पर आ गई। जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। कश्मीर घाटी में पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।