नई दिल्ली। भारत सरकार ने डिजिटल मीडिया में अश्लीलता और आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 OTT ऐप्स को पूरी तरह से बैन कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने लोकसभा में एक लिखित जवाब के दौरान इस कड़े कदम की आधिकारिक जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, ये सभी प्लेटफॉर्म्स यूजर्स को आकर्षित कर ट्रैफिक और सब्सक्रिप्शन के जरिए कमाई करने के लिए धड़ल्ले से अश्लील और अशोभनीय कंटेंट परोस रहे थे।
यह कठोर एक्शन आईटी (डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम 2021 के तहत लिया गया है, जिसके अंतर्गत इन ऐप्स पर दिखाए जा रहे कंटेंट को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294 और महिलाओं के अशोभनीय प्रतिनिधित्व (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4 का सीधा उल्लंघन पाया गया। उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद सरकार ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISPs) को इन ऐप्स की पब्लिक एक्सेस तुरंत ब्लॉक करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर जैसे डिजिटल मार्केटप्लेस को भी अपने प्लेटफॉर्म्स से इन ऐप्स को हटाने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।
हाल ही में लागू हुए नए आईटी नियमों के अनुसार, अब सोशल मीडिया और डिजिटल इंटरमीडियरी प्लेटफॉर्म्स के लिए कोर्ट या अधिकृत सरकारी एजेंसी से सूचना मिलते ही 3 घंटे के भीतर किसी भी गैर-कानूनी कंटेंट को हटाना और उसकी पहुंच को रोकना अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, सरकार ने अभी सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से बैन किए गए सभी 50 ऐप्स की सूची सार्वजनिक नहीं की है। गौरतलब है कि अश्लील कंटेंट के खिलाफ सरकार की यह निगरानी लगातार जारी है; इससे पहले भी ALT, Ullu और Desiflix जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स समेत लगभग 25 ऐप्स पर गाज गिर चुकी है, और इस साल फरवरी में भी 5 ऐप्स को बैन किया गया था।
