महानदी जल-विवाद:रमन सिंह को ओडिशा के हितों की कोई परवाह नहीं!..धर्मेंद्र प्रधान…

नई दिल्ली  केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भाजपा शासित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के महानदी पर दिए गए बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि महानदी के पानी पर ओडिशा के अधिकारों से समझौता नहीं किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि रमन सिंह का ऐसा बयान यह दर्शाता है कि उन्हें ओडिशा के हितों की कोई परवाह नहीं है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीएम रमन सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि उनके राज्य को महानदी का पानी लेने से कोई रोक नहीं सकता है। ओडिशा सरकार सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए इसे तूल देने में लगी है। साथ ही उन्होंने कहा था कि जैसे ही चुनाव नजदीक आते हैं लोग महानदी जल विवाद का मुद्दा उठाते हैं। सीएम ने कहा था कि महज राजनीतिक लाभ लेने के लिए पड़ोसी राज्य इस मसले को बार-बार उठाते हैं।

मुख्यमंत्री रमन सिंह के इस बयान पर गहरी नाराजगी जताते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान कहा कि छत्तीसगढ़ इस मामले में गलत है। ट्रिब्यूनल इस मसले को उठाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ओडिशा में महानदी के पानी का उपयोग न करने के लिए ओडिशा सरकार की भी आलोचना की है।

प्रधान ने कहा, ‘ओडिशा के निचले इलाके में नदी के पानी को स्टोर करने के लिए कोई प्रयास क्यों नहीं किए गए हैं।’ उल्लेखनीय है कि इससे पहले, 12 मार्च को केंद्र सरकार ने महानदी जल बंटवारे को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से विवाद को निपटाने के लिए महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का गठन किया था।

साभार- ANI..