कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के पार…सबसे ज़्यादा मौतों वाला तीसरा देश बना भारत

नई दिल्ली। देश में सोमवार को कोरोना मरीजों की संख्या 2 करोड़ के पार हो गई। भारत ऐसा दूसरा देश है, जहां 2 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमण का शिकार हुए हैं। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि महज 137 दिन में मामले एक करोड़ से 2 करोड़ के पार पहुंच गए। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 3 लाख 57 हजार 229 नए मामले सामने आए हैं। बीते 24 घंटे में 3 हजार 449 लोगों की कोरोना से जान गई है। वहीं, सोमवार को 3 लाख 20 हजार 289 लोग ठीक भी हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 करोड़ 2 लाख 82 हजार 833 पर पहुंच गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 17.13 प्रतिशत है. देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 2 लाख 22 हजार 408 हो गई है. अब तक 1 करोड़ 66 लाख 13 हजार 292 लोग इस वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं। कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 34 लाख 47 हजार 133 हो गई है।

सबसे ज्यादा मौतों वाले देशों में भारत मैक्सिको को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर आ गया है। यहां अब तक 2 लाख 18 हजार 945 लोग दम तोड़ चुके हैं। इस मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां 5.92 लाख और ब्राजील में 4.07 लाख मौतें हो चुकी हैं। चौथे नंबर पर पहुंचे मैक्सिको में अब तक 2.17 लाख मौतें दर्ज की गई हैं।