कोरोना के नए मामलों पर नहीं लगी लगाम… तो लग सकता है आंशिक लॉकडाउन

नई दिल्ली। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार मुंबई में लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है, लेकिन ये लॉकडाउन पिछले 2020 के लॉकडाउन की तरह नहीं होगा, बल्कि टुकड़ों में लगाया जा सकता है। दरअसल मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और नए मामलों की संख्या शहर में चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। शहर के गॉर्डियन मंत्री असलम शेख ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा कि अगले 10 दिनों में संक्रमण के मामले नियंत्रण में नहीं आते हैं तो आंशिक तौर पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में इस बारे में चर्चा हुई है, जिन्होंने चिंता जताई कि मुंबई में संक्रमण के मामलों की संख्या सितंबर के स्तर पर पहुंच गई है।

लग सकता है भारी जुर्माना

रिपोर्ट्स के मुताबिक असलम शेख ने कहा कि राज्य सरकार पहले संक्रमण को कंट्रोल करने का प्रयास करेगी, इसके लिए मास्क ना पहनने, मैरिज हॉल और पब में भीड़ पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही संस्थागत क्वारंटीन का विकल्प भी आजमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने के साथ टीकाकरण कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर बढ़ाया जा सकता है। शेख ने कहा कि अगर संक्रमण के मामले बढ़ते रहे तो आंशिक तौर पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।

बीएमसी की कोई योजना नहीं

हालांकि बृहन्नमुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ने सोमवार को कहा कि मुंबई में अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है। चाहे वो लॉकडाउन हो या नाइट कर्फ्यू.