थाना में निकल आया कोबरा सांप, मचा हड़कंप

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के पिठोरिया थाना में बुधवार को कोबरा सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांप निकलने की खबर से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। थाना परिसर में फरियादी और पुलिसकर्मी सभी इधर-उधर भागने लगे। इस बात की जानकारी तुरंत ही स्नेक कैचर की दी गई। थाने के एएसआई रमेश कुमार महतो ने स्नेक कैचर जल्द से जल्द थाना पहुंचने की जानकारी दी। सूचना के बाद स्नेक कैचर वहां पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद सांप को दबोचा गया।

थाने में सांप निकलने से हड़कंप

स्नेक कैचर ने सांप को काबू करने के बाद झोली में डाल दिया। सांप के काबू में आने के बाद वहां पर मौजूद लोगों ने चैन की सांस ली। बता दें कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर लोगों के घरों में घुस जाते हैं। खासकर सबसे ज्यादा जमीन पर सोने वाले लोगों को सांप का खतरा होता है। यह थाना परिसर पूरी तरह से जंगल से सटा हुआ है, जिससे सांप भटक कर यहां पहुंच गया था। यह कोबरा काफी जहरीला था। थाना परिसर में कोबरा सांप मिलना थोड़ा खतरनाक जरूर है।

सांप के पकड़े जाने से थाना के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। सात फीट लंबे कोबरा को देखने के लिए स्थानीय लोगों का भी हुजूम उमड़ पड़ा। देश के अलग-अलग हिस्सों से सांप निकलने की खबरें आ रही हैं। कभी सूचना आती है कि किसी के घर में सांप घुस गया है तो कभी किसी की गाड़ी में तो कभी खबर आती है कि बैंक एटीएम में भी सांप घुस गया।