शादी में मछली के लिए खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट; दुल्हन के दादा की मौत

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश. गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के बैजूडीहा गांव में शादी समारोह में मछली कम मिलने पर घराती व ग्रामीणों में मारपीट हो गई। पुलिस के पहुंचने पर भी दोनों पक्षों में हो रही मारपीट बंद नहीं हुई। इस पर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी के पहुंचे, तो आरोपित फरार हो गए। इसमें दुल्हन के बाबा 65 वर्षीय गेना गुप्ता की बीआरडी मेडिकल कालेज में बुधवार की भोर में मौत हो गई। वहीं, दोनों पक्ष से घायल सात लोगों का उपचार चल रहा है। एक की हालत गंभीर है।

घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी समारोह संपन्न हुआ। मृतक के बेटे उमेश गुप्ता ने थाने में तहरीर दे दी है। एसपी उत्तरी मनोज कुमार अवस्थी भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित पक्ष के परिवारीजन से बातचीत की। पुलिस चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

यह है मामला

बैजूडीहा गांव निवासी उमेश गुप्ता की बेटी मनीषा की शादी मंगलवार को थी। बरात देवरिया जिले के बैतालपुर थाना क्षेत्र के सेमरही से आई थी। रात करीब 12 बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था तो दूसरी तरफ बरातियों के खाने के बाद गांव के लोग खाना खा रहे थे। भोजन में मछली बनी थी। आरोप है कि खाना खा रहे ग्रामीणों को मछली दो बार चलाई जा चुकी था। कुछ लोग तीसरी बार मांग रहे थे। थोड़ी देरी होने पर वो लड़की पक्ष को गाली देने लगे और जूठा पत्तल उठाकर फेंक दिए। इसी बात को लेकर घराती व गांववालों में कहासुनी हो गई और बात इतनी बढ़ गई की लड़की के घरवालों पर गांव के कुछ लड़के ईंट-पत्थर चलाने लगे।

पेचकस से वार कर बुजुर्ग को किया घायल

लड़की के बाबा गेना गुप्ता के सिर पर ईंट लगने से वह नीचे गिर गए। इसके बाद किसी ने पेचकस से उनके सिर पर और हाथ पर हमला कर दिया। पुलिस एंबुलेंस से उन्हें ब्रह्मपुर सीएचसी ले गई, जहां से उन्हें जिला अस्पताल और वहां के डाक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बुधवार की भोर में चार बजे उनकी मौत हो गई। इसके अलावा अन्य सात घायलों में मृतक के पक्ष से सुनीता देवी, रिश्तेदार बसंत गुप्ता, हरिकेश, रमाशंकर, सुमन, उमेश गुप्ता, संजली देवी का उपचार चल रहा है।

उधर, उमेश गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि पड़ोसी के घर में ननिहाल में रह रहे प्रेम व गांव के आकाश, विकास, छोटू, ज्ञानचन्द्र, दीपक, गोलू, संगम, पड़ोही समेत अन्य ने भोजन को लेकर विवाद शुरू किया और पिता की हत्या कर दी। साथ ही परिवार के कई लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। एसपी उत्तरी मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।