61वें फिल्मफेयर अवार्ड में बाजीराव मस्तानी का रहा जलवा

मुंबई

शुक्रवार रात को 61वें फिल्मफेयर अवार्ड का ऐलान हो चुका है। इस साल बॉलीवुड के इस सबसे पुराने अवार्ड में जलवा रहा फिल्म बाजीराव मस्तानी का। इस फिल्म ने नौ ब्लैक लेडी अपने नाम किए, वहीं दीपिका की फिल्म ‘पीकू’ का भी जलवा इस साल के फिल्म फेयर अवार्ड में देखने को मिला। एक बार फिर से मायानगरी में  सितारों की महफिल सजी हुई दिखाई दी। यहां लगभग पूरा बॉलीवुड ही शामिल था और हर कोई फिल्मफेयर की ब्लैक लेडी को घर ले जाने के लिए बेकरार था। लेकिन इस अवार्ड नाइट्स में बाजीराव मस्तानी ने बाजी मारी।

बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद बाजीराव मस्तानी ने बॉलीवुड के ऑस्कर कहे जाने वाले फिल्म फेयर पुरस्कारों में भी अपना रंग जमा दिया है। बेस्ट फिल्म समेत इस फिल्म की झोली में कुल 9 अवॉर्ड्स आए हैं। रणवीर सिंह को बाजीराव मस्तानी के लिए प्रमुख एक्टर चुना गया है। दीपिका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है, किंतु उन्हें ये पुरस्कार बाजीराव मस्तानी के लिए नहीं बल्कि पीकू के लिए मिला है। बाजीराव मस्तानी के लिए संजय लीला भंसाली को प्रमुख निर्देशक का सम्मान मिला है। वहीं बाजीराव मस्तानी में काशीबाई के रोल के लिए प्रियंका चोपड़ा सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री चुनी गयी हैं। इसी फिल्म के बेहद हिट गाने दीवानी मस्तानी के लिए फीमेल कैटेगरी में श्रेया घोषाल को बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड मिला है। मेल कैटेगरी में ये अवॉर्ड रॉय फिल्म के गाने सूरज डूबा है के लिए अरिजीत सिंह को मिला है। बाजीराव मस्तानी को अच्छे एक्शन, बेस्ट कोरियोग्राफी, प्रोडक्शन डिजाइन, कॉस्ट्यूम डिजाइनर का भी अवॉर्ड मिला।