लड़के को कुचल कर मारने का आरोप, हथिनी और उसके बच्चे को लाया गया थाना

असम में एक हथिनी पर एक बच्चे का कत्ल का इल्जाम लगा है। मामला असम के गोलाघाट जिले का है। आरोप लगने के बाद मादा हाथी और उसके बछड़े को बोकाखाट पुलिस थाने में लाया गया। हथिनी को थाने में लाए जाने की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों में नजर आ रहा है कि हथिनी और उसके बच्चे को थाना परिसर में रखा गया है। यहां पुलिस ने जानकारी दी है कि दुलुमोनी नाम की हथिनी ने 8 जुलाई को नाहरजन चाय बागान के पास बिजुली में एक लड़के को मार डाला था। 

लड़के की मौत के बाद स्थानीय निवासी पुलिस और वन अधिकारियों पर हथिनी पर कार्रवाई का दबाव बनाने लगे। जिसके बाद पुलिस ने हथिनी और उसके बच्चे को थाने में लाया। पुलिस ने बताया कि हथिनी और उसके बच्चे को थाने में लेने के बाद जरुरी जांच-पड़ताल की गई और फिर इन दोनों को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। वन विभाग ही उन्हें हिरासत में लेगा। बोकाखाट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने संवाददाता को बताया कि ‘हमने गैर इरादतन हत्या के लिए आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है, जो हत्या के लिए नहीं है। हमने मामले के संबंध में हथिनी और उसके बछड़े को जब्त कर लिया है और उन्हें वन विभाग को सौंप दिया है।’ 

बताया जा रहा है कि इस हथिनी के मालिक बोकाखाट के पूर्व विधायक जितेन गोगोई हैं। बीते 8 जुलाई को इस हथिनी ने 14 साल के एक लड़के को मार डाला था। वन विभाग के एक स्थानीय अधिकारी ने जानकारी दी है कि हथिनी ने लड़के पर उस वक्त हमला किया था जब वो उसके बच्चे के गले मिलने का प्रयास कर रहा था। बताया जा रहा है कि यह हथिनी पहले भी तीन बार हमला कर चुकी है।