होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए.. तीन दोस्त डूबे .. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कानपुर। होली खेलने के बाद गंगा नदी में नहाने गए पांच दोस्त हादसे का शिकार हो गए। पांच में से तीन युवक गंगा नदी में डूब गए। तीन युवकों के डूबने की घटना से घाट पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और युवकों के परिजनों को मामले की जानकारी दी गयी। वहीं पुलिस ने डूबे युवकों को ढूंढने के लिए गोताखोरों की टीम लगायी। घंटों की मशक्कत के बाद भी गोताखोर डूबे युवकों को तलाश नहीं कर पाए। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं युवकों के डूबने की सूचना से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है।

पूरा वाकया शिवराजपुर थाना क्षेत्र के सरैया घाट की है। जहां कल्याणपुर और पनकी इलाके के रहने वाले 5 दोस्त होली खेलने के बाद गंगा नहाने गए थे। जिनमें से तीन युवक दिव्यमणि, सचिन और रिंकू गंगा में गहराई में जाने की वजह से डूब गए। घाट पर मौजूद उनके दो साथियों नरेश व प्रवेश ने उन्हें डूबता हुआ देख आवाज लगायी। इससे पहले कोई मदद को पहुंच पाता तीनों गहरे पानी में समा गये। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी देने के साथ ही युवकों के परिजनों को भी सूचना दी। युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। वहीं डूबने वाले युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गोताखोरों की टीम गंगा में उन्हे ढूंढने का प्रयास कर रही है। हालांकि समय बीतने के साथ युवकों के जीवित मिलने की संभावना कम होती जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बॉडी रिकवर करने का भी प्रयास शुरू कर दिया है जिसके लिए जाल डलवाया गया है।

गोताखोरों के प्रयास के बाद सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने गंगा नदी में जाल डलवाया। इसके बाद भी युवकों का कोई पता नही चल सका। शिवराजपुर थानाध्यक्ष महेश यादव का कहना है कि गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन युवक डूब गए थे। जैसे ही पुलिस को जानकारी हुई गंगा में गोताखोरों की टीम लगायी गयी है। घंटो की मशक्कत के बाद भी गोताखोरों को कोई सफलता नही मिली। पुलिस ने बड़ा जाल मंगवा कर गंगा में डलवाया है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक डूबे हुए युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है।