सेना के 7 जवान शहीद

नई दिल्ली। पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने की वजह से सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों की मुश्‍क‍िल बढ़ रही हैं। इतना ही नहीं भारी बर्फबारी में अब गश्‍त कर रहे जवानों की अप्र‍िय घटनाएं भी सामने आ रही हैं। नॉर्थ ईस्‍ट राज्‍य के अरुणाचल प्रदेश में रविवार को हिमस्खलन की चपेट में भारतीय सेना के सात जवान आ गए थे। हिमस्खलन में उन सभी जवानों के दब जाने की खबर म‍िली थी। लेक‍िन आज सोमवार को एक रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन में उन सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं।

इस संबंध में भारतीय सेना की ओर से एक आध‍िकार‍िक बयान भी जारी क‍िया गया है। इन सभी शवों के बरामद करने की पुष्‍ट‍ि करते हुए कहा है क‍ि 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित कामेंग सेक्टर में पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी के साथ खराब मौसम देखा जा रहा था।

इस खराब मौसम में हिमस्खलन और ऊंचाई वाले कामेंग सेक्टर में बर्फबारी के बीच गश्ती दल प्रभावित हुआ था. इसमें सेना के सात जवान दब गए थे। उनको रेस्‍क्‍यू करने को लेकर ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश इसमें शामिल सभी लोगों के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद उनको बचाया नहीं जा सका है।

सेना के अधिकार‍ियों के मुताबिक वीरगत‍ि को प्राप्‍त हुए सभी सैनिकों के शवों को आगे की औपचारिकताओं को पूरा करने के ल‍िए हिमस्खलन स्थल के पास कुछ दूरी पर स्‍थ‍िति सैन्य चिकित्सा सुविधा में स्थानांतरित किया जा रहा है।