दिल्ली की राजनैतिक हवा मे हर पार्टी मार रही है ,, हवा मे तीर

sheela-harshvardhan-kejriwalभाजपा के दिग्गजों ने अनुभव के आधार पर अपनी पार्टी की जीत को पक्का बताया है। कांग्रेस विरोधी लहर और अन्य प्रदेशों के चुनावी ट्रेंड के आधार पर उनका मानना है कि राजधानी में भाजपा का वनवास समाप्त होगा।
हालांकि, उन्हें आम आदमी पार्टी का डर भी सता रहा है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इस समय कांग्रेस विरोधी लहर चल रही है। दिल्ली में भाजपा की सरकार बन रही है। उनका मानना है कि जनता आप को वोट करके मत बर्बाद नहीं करेगी।
राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने कहा कि शुरू में प्रत्याशियों को लेकर नाराजगी जरूर रही, लेकिन दो सप्ताह से भाजपाई एकजुट हो गए हैं।
आम आदमी पार्टी के संबंध में उन्होंने कहा कि नई पार्टी अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाती है या नहीं, यह बड़ा प्रश्न है। वहीं, सीएम पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने भी कहा कि राजनीतिक अनुभव यही कहता है कि वे बहुमत में आएंगे।
आम आदमी पार्टी के सर्वे में 38-50 सीट मिलने के दावे को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने हास्यास्पद बताया। चुनाव प्रचार समाप्त होने पर मीडिया से मुखातिब शीला दीक्षित ने कहा, ‘ मैं इस पर मुस्कुरा रही हूं बस। उनका अपना सर्वे है। वो खुद को आगे तो दिखाएंगे ही।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला है। वह किसी अन्य पार्टी प्रतिद्वंद्वी नहीं मानतीं।
शीला दीक्षित ने घोषणा पत्र में किए गए वादे दोहराए। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी पर भी शब्द बाण चलाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद की तुलना नरेंद्र मोदी से नहीं कर रही हैं, क्योंकि वह प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी हैं। लेकिन जिन आंकड़ों को पेश करके चमकती दिल्ली की तुलना की गई, उसमें सीधे तौर पर गुजरात को निशाना बनाया गया है।
प्रेस कांफ्रेंस में शीला दीक्षित ने कहा कि 15 साल में दिल्ली बदली है लेकिन 15-17 साल के बच्चे उसे समझ नहीं पाएंगे क्योंकि उन्होंने पहले की राजधानी नहीं देखी। जो लोग कह रहे हैं कि दिल्ली को खराब कर दिया, उससे जनता पूछेगी कि अगर खराब कर दिया तो फिर तीन बार सरकार कैसे बनी।
मुख्यमंत्री ने गुजरात और दिल्ली की तुलना की, जिसमें प्रतिव्यक्ति आय, वार्षिक वृद्धि दर, मृत्युदर, औसत आयु, सामाजिक क्षेत्र पर बजट खर्च, स्वास्थ्य पर बजट खर्च, बसों की उपलब्धता और हरियाली में दिल्ली को बेहतर बताया गया। ,
‘आप’ से मोदी घबराए : अरविंद
प्याज-टमाटर की कीमतें नीचे आ चुकी हैं लेकिन 80-100 रुपये का प्रचार किया जा रहा है। बिजली कीमत घटाने की बात के लिए बेसिक नहीं पता। -शीला दीक्षित
दिल्ली में भाजपा की भ्रष्टाचारमुक्त सरकार होगी। पारदर्शिता पर विशेष फोकस होगा। सब्जी के दाम एक महीने के अंदर नियंत्रित होंगे। -डॉ. हर्षवर्धन
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को अभी तक कोई मुद्दा न मानने वाले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को उन्हें निशाने पर लिया। अपनी नई दिल्ली सीट पर रोड शो के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी आप की लोकप्रियता से घबरा गए हैं। इसका खौफ उनकी रैलियों में दिख रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अन्ना के नाम का सबसे ज्यादा गलत इस्तेमाल भाजपा और कांग्रेस ने ही किया है। दोनों पार्टियों ने संसद में वादा करने के बावजूद लोकपाल कानून पास कराने में ठोस दिलचस्पी नहीं दिखाई। ऊपर से चेतावनी दी थी कि राजनीति में आकर दिखाओ। उन्होंने कहा कि अब जब हम राजनीति कर रहे हैं तो वह घबरा गए हैं।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने नरेंद्र मोदी को दिल्ली चुनाव का मुद्दा ही नहीं माना था। कई बार उन्होंने कहा कि पार्टी को हर्षवर्धन, विजय गोयल और शीला दीक्षित से निपटना है। यहां तक उन्होंने मोदी को सलाह भी दी थी कि वह दिल्ली में प्रचार करने न आएं। इस बीच शनिवार और रविवार को रैली में मोदी ने आप पर जमकर हल्ला बोला था। उन्होंने नई पार्टी को धोखेबाज तक बताया था।
दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिनभर मंडी हाउस, बाराखंभा, कनॉट प्लेस समेत कई जगहों पर रोड शो किया।
इस दौरान उन्होंने कई जगहों पर नुक्कड़ सभाएं कीं और पार्टी के पक्ष में वोट देने की अपील की। हालांकि पार्टी को आम आदमी पार्टी का डर भी सता रहा है