बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दाढ़ी नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) अपने ही सरकारी कैबिन में शराब पीते हुए पकड़े गए हैं। इस गंभीर मामले के उजागर होते ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। बेमेतरा की कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई ने इस अनुशासनहीनता को बेहद गंभीरता से लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी CMO को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी इस नोटिस में कार्यालय समय के दौरान और शासकीय परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर शराब का सेवन करने को लेकर कड़ा जवाब तलब किया गया है। स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार, उक्त अधिकारी का विवादों से पुराना नाता रहा है और इससे पहले भी क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उनके खिलाफ कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल, कलेक्टर के निर्देश पर पूरे मामले की बारिकी से जांच की जा रही है और प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आते ही आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
