धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गागरा पुल के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान ग्राम अछोटा निवासी इंद्रेश निर्मलकर के रूप में की गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब इंद्रेश निर्मलकर अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गागरा पुल के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आकर बाइक को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण इंद्रेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उनकी पत्नी लहूलुहान होकर तड़पती रहीं।
दुर्घटना को देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए मामले की सूचना तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
