सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दो महिलाओं ने एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और फिर उसे बदनाम करने की धमकी देकर तीन लाख रुपए वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए भटगांव पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जरही निवासी पीड़ित गणेश मिश्रा को दोनों महिलाओं ने पहले अपने झांसे में लिया और फिर किसी बहाने से सूरजपुर बुलाया। वहाँ उन्होंने पीड़ित को शराब पिलाई और चुपके से उसका एक अश्लील वीडियो तैयार कर लिया। इसके बाद आरोपी महिलाओं ने असली रंग दिखाना शुरू किया। वे वीडियो के आधार पर पुलिस में झूठी शिकायत करने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर पीड़ित को लगातार ब्लैकमेल करने लगीं।
लोक-लाज और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित ने शुरुआत में दोनों महिलाओं को कुल तीन लाख रुपए दे दिए। इसके बावजूद जब महिलाओं की पैसों की मांग बंद नहीं हुई, तो परेशान होकर पीड़ित ने हिम्मत जुटाई और भटगांव थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामला दर्ज किया और दोनों आरोपी महिलाओं को धरदबोचा। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
