अम्बिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से की जा रही मांग को स्वीकार करते हुए रेलवे बोर्ड ने अम्बिकापुर से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22407/22408 की आवृत्ति को बढ़ा दिया है। अब तक साप्ताहिक रूप से चलने वाली यह पसंदीदा ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन यानी द्विसाप्ताहिक चलेगी। रेलवे बोर्ड द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके बाद से सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और आसपास के जिलों के यात्रियों में हर्ष का माहौल है।
इस नई व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को सीट बुकिंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नए शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब हर मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को दिल्ली से अंबिकापुर के लिए चलेगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे जोनों को इस व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम यात्रियों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
गौरतलब है कि अम्बिकापुर से दिल्ली के बीच की यह सीधी रेल सेवा उत्तर छत्तीसगढ़ के हजारों लोगों के लिए किसी जीवनरेखा से कम नहीं है। शिक्षा, रोजगार, व्यापार, इलाज और प्रशासनिक कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग इस रूट पर सफर करते हैं। ट्रेन के हफ्ते में सिर्फ एक दिन चलने के कारण अक्सर सीटें फुल हो जाती थीं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इसे देखते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और यात्री संघों द्वारा लगातार ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग रेल मंत्रालय से की जा रही थी, जिसे आखिरकार मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर शुरुआत में अतिरिक्त फेरों को विशेष सेवा के रूप में चलाया जा सकता है, जिसे बाद में नियमित कर दिया जाएगा।
रेलवे के इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हुए जेडआरयूसीसी (ZRUCC) सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से अम्बिकापुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, अनूपपुर और शहडोल सहित पूरे मार्ग के यात्रियों को सीधा फायदा होगा। विशेषकर मरीजों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और व्यापारियों के लिए दिल्ली आना-जाने अब बेहद सुलभ हो जाएगा। इस बीच, इस खुशी के माहौल के साथ ही बिश्रामपुर क्षेत्र के नागरिकों ने इस ट्रेन को भविष्य में त्रि-साप्ताहिक या दैनिक करने और बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर इसका स्टॉपेज देने की अपनी पुरानी मांग को एक बार फिर दोहराया है।
