छत्तीसगढ़ : रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना, 3 साल की मासूम बेटी को सौतेले पिता ने बनाया हवस का शिकार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानवता और रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना अंतर्गत 3 साल की मासूम से सौतेले पिता ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। तेलीबांधा पुलिस आरोपी पिता संतकुमार दास के खिलाफ धारा 376 और पॉक्सो एक्ट की धाराओं तहत कार्रवाई कर रही है।

तेलीबांधा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि राजधानी के तेलीबांधा थाना अंतर्गत रहने वाले सौतेले पिता संतकुमार दास ने अपनी 3 साल की मासूम बच्ची से 4 दिन पहले दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पीड़िता की मां की शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोजी-मजदूरी का काम करता है।

तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्ची ने दुष्कर्म की जानकारी अपनी मां को दी थी। जिसके बाद पीड़िता की मां ने तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज कराई है। केस रजिस्टर होने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को बुधवार को गिरफ्तार किया है।