अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला अंतर्गत अम्बिकापुर में झारखंड की धनबाद पुलिस पर हमला कर एक वारंटी को कस्टडी से छुड़ाकर भगाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में शामिल दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय और साइबर टीम की सक्रियता से पूरी की गई।
घटनाक्रम के अनुसार, झारखंड के धनबाद (बैंकमोड़) पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वासेपुर का एक शातिर वारंटी अभियुक्त साबिर आलम, अपनी पहचान छिपाकर अम्बिकापुर के मोमिनपुरा में गुप्त रूप से रह रहा है। इस सूचना पर धनबाद पुलिस के उपनिरीक्षक अभय कुमार अपने स्टाफ के साथ 29 जून 2026 की सुबह अम्बिकापुर पहुंचे। मोमिनपुरा मस्जिद के पास स्कूटी से जा रहे एक संदिग्ध को रोककर जब पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम साबिर आलम ही बताया। धनबाद पुलिस जैसे ही उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने लगी, आरोपित ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। देखते ही देखते जुनैद खान, मोहम्मद जाहिद खान और उनके साथियों ने सामूहिक बल प्रयोग करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया और वारंटी साबिर आलम को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार कर दिया। इस हंगामे का फायदा उठाकर भीड़ में शामिल अन्य अज्ञात हमलावर भी मौके से भाग निकले।
इस दुस्साहसिक घटना के बाद उपनिरीक्षक अभय कुमार की लिखित शिकायत पर अम्बिकापुर के कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 438/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए पीड़ित उपनिरीक्षक अभय कुमार से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क साधा। वीडियो कॉलिंग और व्हाट्सएप के जरिए पुलिस ने मौके पर मौजूद हमलावरों की पहचान सुनिश्चित की।
शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नया बस्ती हबीबनगर निवासी जुनैद खान (30 वर्ष) और उसके पिता मोहम्मद जाहिद खान (59 वर्ष) को धर दबोचा। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस कस्टडी से वारंटी को छुड़ाने और विवाद उत्पन्न करने का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए दबिश दे रही है।
