दुर्ग। वाशिंग पाउडर बनाने के नाम पर चल रहे एक बड़े अवैध कारखाने का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुथरेल और अंडा स्थित दो ठिकानों पर अचानक दी गई इस दबिश में प्रशासन ने ‘सितार’ ब्रांड का नकली जर्दायुक्त गुटखा बनाते हुए 12 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
आरोपी वाशिंग पाउडर की आड़ में लंबे समय से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे और नकली गुटखे को धड़ल्ले से बाजार में खपा रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस ने जब मौके पर रेड मारी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
इस हाई-प्रोफाइल छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 10 बोरियों में भरा लगभग 60 किलोग्राम तैयार अवैध गुटखा, तीन अत्याधुनिक पैकिंग मशीनें और भारी मात्रा में नकली गुटखा बनाने का कच्चा माल जब्त किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है। पकड़े गए आरोपी छत्तीसगढ़ में अवैध गुटखा साम्राज्य के कुख्यात सरगना गुरुमुख जुमनानी की फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी हैं, जिन्होंने वहां से हुनर सीखकर खुद का यह अवैध नेटवर्क खड़ा कर लिया था।
फिलहाल प्रशासन ने दोनों गोदामों को पूरी तरह सील कर दिया है। जब्त किए गए गुटखे के सैंपल को लैब टेस्टिंग के लिए भेजा गया है, जिसकी आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
