बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसंतपुर थाना पुलिस ने साइबर सेल के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की कीमत का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की इस भारी खेप को एक ट्रक से जब्त किया है, जिसे ओडिशा के सोनपुर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने ट्रक समेत उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांजा तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए रात के अंधेरे का फायदा उठाने की कोशिश की थी। वे भोर में करीब 3 बजे जिला पार करने की फिराक में थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर मुस्तैद बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोकेश (निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) और आमिर (निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पकड़े गए गांजे की मात्रा इतनी अधिक है कि उसकी नाप-तौल करने में पुलिस टीम को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बलरामपुर जिले के इतिहास में अब तक पकड़ी गई गांजे की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है और बरामद मादक पदार्थ के कुल वजन और उसकी सटीक अंतरराष्ट्रीय कीमत का आकलन किया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में पुलिस की इस बड़ी कामयाबी की चर्चा तेज हो गई है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले पड़ोसी सूरजपुर जिले के सिलफिली में भी एक बस से दो करोड़ रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया गया था, जिसके बाद बलरामपुर पुलिस की यह कार्रवाई तस्करों के हौसले पस्त करने वाली साबित होगी।
