Breaking : एनएच पर खड़े ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी सूमो.. चार की मौत, पांच गंभीर

महासमुंद। नेशनल हाइवे-53 पर टेका के समीप मजदूरों से भरी सूमो वाहन हादसे का शिकार हो गई। घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार घटना पिथौरा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार की भोर क़रीब तीन बजे एनएच-53 पर खड़े ट्रक से मजदूरों से भरा सूमो वाहन टकरा गया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सूमो वाहन में सवार सभी मजदूर थे, जो मजदूरी करने पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

कहा जा रहा है कि सूमो चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। सूमो वाहन पहले डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद एनएच पर खड़े ट्रक में जाकर घुस गई। रफ्तार तेज होने की वजह से सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद कुछ घायलों और मृतकों के शव वाहन में फंस गए थे, जिन्हें काफ़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।