बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले स्थित भाटापारा के ग्राम धुर्राबंधा में छात्र-छात्राओं का एक उग्र और बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। गांव की बदहाल जर्जर सड़क और स्थानीय स्तर पर स्कूल की मांग को लेकर आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्का जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।
दैनिक आवाजाही में हो रही भारी परेशानियों से तंग आकर छात्रों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खस्ता है कि प्रतिदिन स्कूल आने-जाने में जान जोखिम में डालनी पड़ती है। इसके अलावा, गांव में स्कूल की उचित सुविधा न होने के कारण बच्चों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। छात्रों के इस अचानक सड़क पर उतरने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी छात्रों की इन जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए इसका जल्द समाधान निकालेंगे, या बच्चों को अपने अधिकार के लिए यूँ ही सड़कों पर संघर्ष करना पड़ेगा।
