– जर्वे च में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण का आरोप, ठेकेदार बोला- “कलेक्टर के आदेश पर कर रहा हूं काम”
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम पंचायत जर्वे च अंतर्गत पुराने तहसील कार्यालय परिसर में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के कार्यालय भवन के लिए कराए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले ग्राम पंचायत को न तो सूचना दी गई,और न ही किसी प्रकार की अनुमति ली गई।
मामला सामने आने के बाद सरपंच प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर आपत्ति दर्ज कराते हुए ठेकेदार को काम रोकने कहा। बताया जा रहा है कि पुराने तहसील कार्यालय भवन को सांसद कार्यालय के लिए आवंटित किया गया है। इसके बाद भवन में रंग-रोगन के साथ चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। पंचायत के अनुसार बिलासपुर निवासी संतोष वैष्णव नामक ठेकेदार द्वारा यह निर्माण कराया जा रहा है।
पंचायत की आपत्ति पर ठेकेदार ने फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया है। सरपंच का कहना है कि यदि किसी सक्षम अधिकारी के आदेश से निर्माण कराया जा रहा है तो उसका लिखित आदेश पंचायत को भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। पंचायत क्षेत्र में होने वाले निर्माण की जानकारी पंचायत को देना आवश्यक है, ताकि ग्राम सभा एवं पंचायत स्तर की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
वहीं ठेकेदार का कहना है कि उसे किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है और वह कलेक्टर के आदेश पर निर्माण करा रहा है, हालांकि उसके पास लिखित आदेश नहीं होने की बात भी सामने आई है।
अब सवाल यह है कि क्या सांसद कार्यालय के निर्माण के नाम पर पंचायत के नियमों को दरकिनार किया जा सकता है? सरपंच ने मामले की शिकायत कलेक्टर से करने की बात कही है। देखना होगा कि सांसद कमलेश जांगड़े इस विवाद पर क्या रुख अपनाती हैं और निर्माण नियमों के तहत होता है या पंचायत की आपत्ति को नजरअंदाज किया जाता है।
