अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलका (मुड़पारा) निवासी 28 वर्षीय पवन कुमार पंडो सोमवार को अपने रिश्तेदार के घर आयोजित एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बगदेवा गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे अपनी बाइक (सीजी 15 डीजेड 2870) पर सवार होकर अपने ससुराल के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। सोमवार की रात करीब 9 बजे, जैसे ही वे अम्बिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पहुंचे, काल बनकर आई एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
यह टक्कर इतनी भयानक थी कि पवन हवा में उछलते हुए सीधे सिर के बल सड़क पर आ गिरे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिर पर गंभीर चोट आने के कारण अत्यधिक खून बह गया और पवन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब तक देर हो चुकी थी और युवक के प्राण पखेरू उड़ चुके थे।
सड़क हादसे की भयावह सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया। इस भीषण टक्कर में युवक की मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे परिजनों का पवन का शव देखकर रो-रोकर बुरा हाल था। लखनपुर पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने युवक का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
